
देवास | 07 फरवरी 2026
देवास पुलिस ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा का परचम लहराया है। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2025 के लिए घोषित केन्द्रीय गृहमंत्री सेवा पदक में देवास जिले के 05 पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों को सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि न केवल सम्मानित पुलिसकर्मियों के लिए बल्कि संपूर्ण देवास पुलिस परिवार के लिए गौरव का विषय है।
02 पुलिसकर्मियों को अति-उत्कृष्ट सेवा पदक
केन्द्रीय गृहमंत्री अति-उत्कृष्ट सेवा पदक वर्ष 2025 से देवास पुलिस के दो प्रधान आरक्षकों को सम्मानित किया गया है, जिन्होंने अपने दीर्घ सेवाकाल में असाधारण निष्ठा, अनुकरणीय कर्तव्यपरायणता और राष्ट्रहित में उत्कृष्ट योगदान दिया है।
सम्मानित अधिकारी:
श्री ईश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक 414
(तत्कालीन पदस्थापना – थाना सोनकच्छ | वर्तमान – पुलिस अधीक्षक कार्यालय देवास)
श्री जगदीश चन्द्र सोलंकी, प्रधान आरक्षक 69
(पदस्थापना – पुलिस लाइन देवास)
03 पुलिसकर्मियों को उत्कृष्ट सेवा पदक से नवाजा गया
वहीं केन्द्रीय गृहमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक वर्ष 2025 से देवास जिले के तीन प्रधान आरक्षकों को सम्मानित किया गया है। इन कर्मियों ने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन में सराहनीय एवं उल्लेखनीय कार्य किए हैं।
सम्मानित अधिकारी:
श्री सचिन चौहान, प्रधान आरक्षक 802
(पदस्थापना – साइबर सेल देवास)
श्री अभय सिंह कुशवाह, प्रधान आरक्षक 594
(पदस्थापना – थाना यातायात देवास)
श्री कुलदीप सिंह सिकरवार, प्रधान आरक्षक 290
(पदस्थापना – थाना सोनकच्छ)
पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र भेंट कर किया सम्मानित
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद द्वारा सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।

पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने कहा कि
“केन्द्रीय गृहमंत्री सेवा पदक प्राप्त करना अत्यंत सम्मान और गर्व का विषय है। यह पदक संबंधित पुलिसकर्मियों की कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं उत्कृष्ट कार्यशैली का प्रतीक है। ऐसे अधिकारी एवं कर्मचारी न केवल देवास पुलिस बल्कि संपूर्ण पुलिस बल के लिए प्रेरणास्रोत हैं।”
उन्होंने आगे विश्वास जताया कि सम्मानित पुलिसकर्मी भविष्य में भी इसी समर्पण और निष्ठा के साथ जनसेवा और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते रहेंगे।
देवास पुलिस परिवार ने जताया गर्व
इस सराहनीय उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक देवास ने संपूर्ण देवास पुलिस परिवार की ओर से सभी सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हार्दिक बधाई दी और आशा व्यक्त की कि वे आगे भी अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, लगन एवं ईमानदारी के साथ करते हुए जिले का नाम रोशन करते रहेंगे।





