देवास पुलिस का बड़ा एक्शन: फरार साइबर ठग एयरपोर्ट से गिरफ्तार, थाईलैंड भागने की थी तैयारी

📰 देवास | विशेष रिपोर्ट
देवास पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। करोड़ों रुपये की साइबर ठगी और म्यूल अकाउंट नेटवर्क संचालित करने वाले इनामी आरोपी को पुलिस ने थाईलैंड भागने की कोशिश के दौरान अहमदाबाद एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के अनुसार, आरोपी शुभम संसारिया उर्फ शुभम नामदेव लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर इनाम भी घोषित था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह विदेश भागने की फिराक में है, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए अहमदाबाद पुलिस के साथ समन्वय कर उसे एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया।
🔍 ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ से खुला बड़ा नेटवर्क
मामले का खुलासा 8 जनवरी को तब हुआ जब थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने ‘ऑपरेशन मैट्रिक्स’ के तहत कार्रवाई करते हुए गंगा नगर स्थित होटल श्रीजी के एक कमरे से साइबर फ्रॉड से जुड़े पांच आरोपियों को पकड़ा। इनमें
मुनेश्वर उर्फ मनीष सेन,
पीयूष बिल्लौरे,
शुभम जोशी,
आशीष जैन उर्फ गोलू,
और गौरव जैन शामिल थे।
इनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने डिजिटल ट्रेल के आधार पर म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों—मंजीत सिंह भाटी उर्फ राज सोनी, नितेश बिरला, जितेंद्र राजपूत उर्फ जितु उर्फ लेप्टी और शुभम परमार उर्फ शुभ्बू—को भी गिरफ्तार किया था।
🧠 डिजिटल ट्रेल से मिला मास्टरमाइंड तक सुराग
जांच के दौरान सामने आया कि फरार आरोपी शुभम संसारिया ही इस पूरे नेटवर्क का प्रमुख संचालक था। वह इंदौर के लेक पैलेस कॉलोनी का निवासी है और पिछले करीब दो माह से पुलिस से बचता फिर रहा था।

✈️ थाईलैंड भागने की थी तैयारी
17 मार्च को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अहमदाबाद एयरपोर्ट पर देखा गया है। इसके बाद देवास पुलिस ने तेजी दिखाते हुए अहमदाबाद पुलिस से संपर्क किया और आरोपी को एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया। बाद में देवास की टीम उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर देवास लाई।
⚖️ रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी
फिलहाल आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे साइबर ठगी से जुड़े अन्य मामलों में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि इस नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे हो सकते हैं।




