देवासपुलिस

‘दादा’ बनकर पहुंचे 4 बदमाशों ने होटल संचालक के साथ अड़ीबाजी कर पीटा, पुलिस ने 12 घंटे में दबोचा

देवास। औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने होटल संचालक से अड़ीबाजी कर मारपीट करने वाले चार कुख्यात आरोपियों को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर त्वरित कार्रवाई का उदाहरण पेश किया है।

फरियादी जितेन्द्र शर्मा, निवासी सिंगापुर टाउनशिप इंदौर, शंकरगढ़ बायपास स्थित तंदूरी ट्रीट फैमिली रेस्टोरेंट का संचालन करते हैं। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 12 फरवरी 2026 की रात लगभग 2:30 से 3:00 बजे के बीच अक्षय व्यास अपने साथियों निखिल नागर, देवेन्द्र उर्फ देवा, और दीपेश उर्फ राजा के साथ रेस्टोरेंट पहुँचा।

आरोपियों ने देर रात भोजन की मांग की और मना करने पर गाली-गलौज करते हुए स्वयं को क्षेत्र का “दादा” बताया। उन्होंने शराब और भोजन के लिए 5,000 रुपये की अवैध मांग (अड़ीबाजी) की। जब फरियादी ने पैसे देने से इंकार किया और पुराना बकाया मांगा, तो आरोपियों ने डंडों, बेल्ट और पत्थरों से जानलेवा हमला कर दिया।

फरियादी ने कमरे में छिपकर जान बचाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए और उनके साथ मारपीट की। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपराध क्रमांक 120/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 119(1), 115(2), 296(a), 351(3), 331(4), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मात्र 12 घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से हमले में प्रयुक्त डंडे, बेल्ट और पत्थर भी जब्त किए गए हैं। मुख्य आरोपी अक्षय व्यास के विरुद्ध पूर्व में भी एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज होना सामने आया है।

पुलिस द्वारा आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेजने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

👤 गिरफ्तार आरोपी

अक्षय व्यास (34) – प्रेमनगर पार्ट-02, देवास

निखिल नागर (32) – अनुकूल नगर, देवास

देवेन्द्र उर्फ देवा (25) – विजयनगर, देवास

दीपेश उर्फ राजा (32) – विजयनगर, देवास

⭐ सराहनीय कार्य (पुलिस टीम)

इस त्वरित कार्रवाई में निम्न पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही:

– निरीक्षक शशिकांत चौरसिया (थाना प्रभारी)

– प्रधान आरक्षक शांतिलाल

– प्रधान आरक्षक मोहन वसुनिया

– आरक्षक अजय जाट

– सैनिक ज्ञानेंद्र द्विवेदी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button