देवासनगर निगम

देवास निगम परिषद ने सर्वसम्मति से पारित किया 765.58 करोड़ का बजट, दिव्यांगजन पुनर्वास के लिए 50 लाख का प्रावधान

देवास, 16 मार्च 2026।
नगर निगम परिषद की साधारण बैठक सभापति रवि जैन की अध्यक्षता में निगम परिषद हॉल में आयोजित हुई। बैठक में महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल और आयुक्त दलीप कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत वंदे मातरम् से हुई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 765.58 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तुत किया गया, जिसे परिषद ने सर्वसम्मति से ध्वनिमत के साथ पारित कर दिया। बजट में 24 लाख रुपये की शुद्ध बचत का प्रावधान रखा गया है।


दिव्यांगजन के लिए विशेष पहल


बजट में दिव्यांगजन पुनर्वास के लिए 50 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इस राशि से उपकरण, उपचार और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।


कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी


परिषद ने विभिन्न विकास और जनहित से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति दी। इनमें अग्रिम कर भुगतान पर छूट, जलकर में 6% और संपत्तिकर में 5% की छूट शामिल है। साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों के नामकरण के प्रस्ताव भी पारित किए गए।


विकास कार्यों पर जोर


बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यों को मंजूरी दी गई, जिनमें वार्ड 27 में तोरण द्वार, वार्ड 29 और 40 में सामुदायिक भवन निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा पोरवाल समाज के आराध्य राजा टोडरमल की प्रतिमा स्थापना को भी स्वीकृति दी गई।


गौशाला और अन्य योजनाएं


गौशाला संचालन के लिए भूसा, चारा और दवाइयों हेतु 1 करोड़ रुपये तथा विस्तार और रखरखाव के लिए 3 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं, तालाबों के संरक्षण व सौंदर्यीकरण के लिए 5 करोड़ रुपये और मुक्तिधाम विकास के लिए 2 करोड़ रुपये तय किए गए हैं।


आवास और शहर विकास योजनाएं


प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 56.73 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। पार्कों में बच्चों के खेल उपकरण और सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ रुपये तथा गैस/विद्युत आधारित पशु शवदाह गृह निर्माण को भी मंजूरी दी गई।


बैठक में उठे जनहित के मुद्दे


बैठक के दौरान कचरा संग्रहण वाहनों में सुधार, स्पॉट फाइन कार्रवाई में नागरिकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार और मूलभूत सुविधाओं के समयबद्ध समाधान पर विशेष जोर दिया गया।


कर वृद्धि का प्रस्ताव पारित


परिषद ने संपत्तिकर और जलकर में संशोधन करते हुए 10% वृद्धि के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी।
बैठक का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button