गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ शिक्षक सम्मान समारोह, 96 शिक्षक-शिक्षिकाएँ सम्मानित

देवास। सेन थॉम अकादमी, देवास में अशासकीय शिक्षण संस्था संचालक संघ द्वारा नगर के अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षा संस्कृति न्यास, नई दिल्ली के राष्ट्रीय सचिव अतुल कोठारी ने की, जबकि आत्मनिर्भर भारत के राष्ट्रीय संयोजक प्रो. ओमप्रकाश शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
विशेष अतिथि के रूप में संघ के अध्यक्ष राजेश खत्री एवं सचिव दिनेश मिश्रा मंचासीन रहे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में अतुल कोठारी ने अशासकीय शिक्षण संस्था संचालक संघ द्वारा समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रत्येक शिक्षक के भीतर सर्वप्रथम “आचार्य देवो भवः” की भावना होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आचार्य का दायित्व विश्व के सबसे श्रेष्ठ और चुनौतीपूर्ण कार्यों में से एक है।

कार्यक्रम में देवास नगर के 96 विद्यालयों के संचालक, प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात इज़ीयर अकादमी के विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
संघ द्वारा शिक्षक हेमंत वर्मा को साइकिलिंग के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता अभियान चलाने के लिए तथा शिक्षक दंपति आदित्य दुबे एवं रिचा दुबे को पर्यावरण संरक्षण हेतु संचालित “मेरे गणेश, मिट्टी के गणेश” अभियान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त नगर के विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कुल 96 शिक्षक-शिक्षिकाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सैयद मकसूद अली एवं कीर्ति चव्हाण ने किया। स्वागत भाषण संघ अध्यक्ष राजेश खत्री ने दिया, अतिथि परिचय सुरेंद्र राठौर द्वारा कराया गया तथा कार्यक्रम के अंत में स्वप्निल जैन ने आभार प्रदर्शन किया।
उक्त जानकारी संघ के मीडिया प्रभारी शकील कादरी, आदित्य दुबे एवं अबरार अहमद शेख द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान की गई।





