
देवास। मकर संक्रांति पर्व के मद्देनज़र प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के खिलाफ देवास पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। थाना कोतवाली पुलिस ने बालाजी नगर क्षेत्र में दबिश देकर चाइनीज मांझा बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7 गट्ठे प्रतिबंधित चाइनीज डोर जप्त की है।
पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद के निर्देश पर जिलेभर में चाइनीज मांझा के विक्रय, भंडारण और उपयोग पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना कोतवाली क्षेत्र के बालाजी नगर इलाके में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और पीयूष पिता कुंदन राव मराठा (21 वर्ष), निवासी बालाजी नगर, देवास को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से चाइनीज मांझा के 7 गट्ठे बरामद किए गए।
आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 18/2026, धारा 223 बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस द्वारा मामले की विवेचना जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी श्यामचंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक सचिन सोनगरा, प्रधान आरक्षक रवि, आरक्षक नवीन देथलिया, अभिषेक सिंह पंवार एवं मनीष सिंह राठौर की सराहनीय भूमिका रही।
देवास पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे चाइनीज मांझा का उपयोग न करें और इसके विक्रय या भंडारण की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।





