देवासपुलिस

तांत्रिक विद्या के नाम पर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पैसे दोगुने करने का झांसा देकर ₹1.35 लाख की धोखाधड़ी, 200-500 के नकली नोट बरामद

पैसे दोगुने का झांसा देकर ₹1.35 लाख की ठगी, आरोपी भोपाल से गिरफ्तार

देवास | 27 जनवरी 2026
देवास जिले में तांत्रिक विद्या और पैसे दोगुने करने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने हवन-पूजन और तांत्रिक क्रियाओं के बहाने एक व्यक्ति से ₹1 लाख 35 हजार की ठगी की थी।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर जिले में धोखाधड़ी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए मिशन स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में फरियादी की शिकायत पर थाना सोनकच्छ में प्रकरण क्रमांक 39/25 दिनांक 26.01.2025 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार तांत्रिक आरोपी

जांच के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी दीपा माण्डवे के निर्देशन में थाना प्रभारी सोनकच्छ अजय गुर्जर के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की तलाश की गई, जिसके बाद उसे भोपाल से गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने फरियादी से ₹1.35 लाख लेकर काले रंग के कपड़े में नकली नोटों की गड्डी बांधकर दी थी और दावा किया था कि सात दिनों में यह राशि दोगुनी हो जाएगी। पुलिस ने आरोपी के पास से ₹500 और ₹200 के नकली नोटों की कुल तीन गड्डियां जब्त की हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवनारायण उर्फ मनोहरलाल शर्मा (उम्र 66 वर्ष), निवासी चापड़ा, थाना बागली, हाल मुकाम भोपाल के रूप में हुई है। आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में थाना सोनकच्छ की टीम, जिसमें सउनि अजय शर्मा, प्रधान आरक्षक हरिओम यादव, आरक्षक श्याम बिहारी एवं लक्ष्मण की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे तांत्रिक विद्या, चमत्कार या पैसे दोगुने करने के झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button