पुलिसलोकायुक्त

देवास में लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, महिला थाना की प्रधान आरक्षक ₹10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

देवास | 23 दिसंबर 2025

देवास में लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थाना देवास में पदस्थ प्रधान आरक्षक शाहीन खान को ₹10,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम द्वारा की गई।

शिकायत पर हुई कार्रवाई

लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 दिसंबर 2025 को आवेदक विशाल परमार द्वारा पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त उज्जैन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत में बताया गया था कि उसकी पत्नी द्वारा महिला थाना देवास में मारपीट एवं दहेज प्रताड़ना से संबंधित शिकायत दर्ज कराई गई है, लेकिन मामले में कार्रवाई नहीं करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही थी।

₹15 हजार की मांग, ₹10 हजार लेते पकड़ी गई

शिकायत के अनुसार, महिला थाना देवास में पदस्थ प्रधान आरक्षक शाहीन खान द्वारा मामले में कार्रवाई नहीं करने के बदले ₹15,000 की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत की सत्यता का परीक्षण लोकायुक्त निरीक्षक दीपक के. सेजवार द्वारा किया गया, जिसमें शिकायत सही पाई गई।

ट्रैप कार्रवाई में रंगे हाथ गिरफ्तारी

शिकायत सत्य पाए जाने के बाद 23 दिसंबर 2025 को लोकायुक्त टीम द्वारा ट्रैप दल का गठन किया गया। तय योजना के अनुसार आवेदक विशाल परमार से रिश्वत की राशि लेते समय प्रधान आरक्षक शाहीन खान को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज

लोकायुक्त पुलिस द्वारा आरोपी प्रधान आरक्षक के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस विभाग में हड़कंप

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button