देवासपुलिस

प्रेम, शादी और पैसों की चाह ने रची लूट की साजिश, 15 दिन में देवास पुलिस ने सुलझाया ₹2 लाख लूट का मामला

ऑपरेशन त्रिनेत्रम की तीसरी आंख बनी मजबूत कड़ी, 4 आरोपी गिरफ्तार, लूटी गई शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद

देवास।28.12.2025
सिविल लाइन थाना क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप के कैशियर से हुई करीब ₹2 लाख की लूट का देवास पुलिस ने मात्र 15 दिनों में खुलासा कर दिया है। इस मामले में प्रेम, शादी और पैसों की जरूरत का एंगल सामने आया है, जिसने एक पेट्रोल पंप कर्मचारी को अपराध की राह पर ला खड़ा किया। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए लूटी गई शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, 13 दिसंबर 2025 की रात नायरा पेट्रोल पंप उज्जैन रोड से कैशियर आनंद देशमुख पेट्रोल-डीजल बिक्री की कुल ₹1,99,980 नगदी काले रंग के बैग में रखकर घर जा रहे थे। बीमा चौराहे के आगे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और बैग छीनकर फरार हो गए। इस दौरान फरियादी के पैर और हाथ में चोट भी आई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की गई। ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र पुलिस के लिए निर्णायक साबित हुआ।

जांच के दौरान खुलासा हुआ कि पेट्रोल पंप का ही कर्मचारी सूरज उर्फ सूर्या परमार, निवासी जिला उज्जैन, एक युवती से प्रेम करता था और उससे विवाह के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी लालच में उसने कैशियर की दिनचर्या की जानकारी अपने साथियों अरुण उर्फ करण मेवाती, मोहित उर्फ कालीचरण घावरी और विकास उर्फ तेजा सोलंकी (सभी निवासी जिला उज्जैन) को दी और लूट की साजिश रची।

पुलिस ने 25 दिसंबर की रात चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से लूटी गई नकदी, वारदात में प्रयुक्त बाइक और लूट के पैसों से खरीदा गया घरेलू सामान भी जब्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वर्ष 2025 में देवास जिले में लूट की कुल 17 घटनाएं दर्ज हुईं, जिनमें देवास पुलिस ने 100 प्रतिशत मामलों का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन त्रिनेत्रम के तहत जिलेभर में करीब 10 हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं, जो अपराध नियंत्रण में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

देवास पुलिस की यह कार्रवाई न सिर्फ अपराधियों के लिए सख्त संदेश है, बल्कि यह भी साबित करती है कि तकनीक और सतर्क पुलिसिंग के सामने अपराध ज्यादा दिन नहीं टिक सकता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button