देवास में 17 दिसंबर को होगा ब्लू-वाटर सर्टिफिकेशन अवार्ड, मल्हार स्मृति मंदिर में कला शिविर के चित्रों का कलेक्टर ने किया अवलोकन

देवास, 16 दिसंबर 2025/
जिले में जल संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित ब्लू-वाटर सर्टिफिकेशन अवार्ड कार्यक्रम का आयोजन 17 दिसंबर को सायं 5 बजे मल्हार स्मृति मंदिर, देवास में किया जाएगा। इस कार्यक्रम के अंतर्गत जल संचय एवं जल बजट के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शासकीय, अशासकीय एवं निजी उद्योगों/प्रतिष्ठानों को सम्मानित किया जाएगा।

इसी क्रम में मंगलवार को मल्हार स्मृति मंदिर देवास में चित्रकला विद्यार्थियों एवं कलाकारों द्वारा एक कला शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जल संरक्षण विषय पर बनाए गए चित्रों का कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने अवलोकन किया और कलाकारों की रचनात्मकता की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती ज्योति शर्मा, अमृत संचय अभियान की टीम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कला शिविर के माध्यम से जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।

प्रशासन द्वारा बताया गया कि ब्लू-वाटर सर्टिफिकेशन अवार्ड के माध्यम से जिले में जल संरक्षण को एक जनआंदोलन का स्वरूप देने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।





