अवैध मदिरा के खिलाफ आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 15 हजार से अधिक की शराब जब्त

देवास। 20.12.2025
जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण एवं विक्रय पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त मनीष खरे के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त देवास की टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की।
दिनांक 19 दिसंबर 2025 को आबकारी टीम द्वारा बालगढ़ रोड स्थित भोलेनाथ मंदिर के पास, बस स्टैंड एवं स्टेशन रोड क्षेत्र में संदिग्ध स्थानों और ढाबों पर चेकिंग की गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने 50 पाव देशी मदिरा प्लेन, 44 पाव विदेशी मदिरा, 3 बोतल विदेशी मदिरा तथा 6 कैन बीयर बरामद की।
इस मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 के तहत कुल 2 प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गए हैं। जप्त की गई मदिरा का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 15 हजार 200 रुपये बताया गया है।
कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक प्रेम यादव, आबकारी मुख्य आरक्षक बाल मुकुंद गौड़, आरक्षक राजा राम रायकवार, निहाल खत्री, निकिता परमार, अरविंद जिनवाल एवं बालकृष्ण जायसवाल शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं परिवहन के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।





