
देवास।
नए साल के अवसर पर देवास पुलिस और साइबर सेल ने जिलेवासियों को बड़ी राहत देते हुए सैकड़ों लोगों के चेहरों पर मुस्कान लौटा दी है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशन में साइबर सेल देवास ने सराहनीय कार्रवाई करते हुए करीब 220 गुम हुए मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस लौटाए हैं, जिनकी कुल कीमत 40 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस को प्राप्त विभिन्न आवेदनों के आधार पर साइबर सेल की टीम ने तकनीकी जांच और ट्रैकिंग की मदद से इन मोबाइल फोनों का पता लगाया। यह मोबाइल अलग-अलग स्थानों पर मिले, जिन्हें पहचान और सत्यापन के बाद उनके असली मालिकों को सौंपा गया।

मोबाइल वापस मिलने के बाद कई आवेदकों की खुशी देखने लायक थी। कुछ ऐसे लोग भी शामिल थे, जिन्होंने लंबे समय पहले अपने मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी। लेकिन जब उन्हें उनका गुम हुआ मोबाइल वापस मिला, तो उनके चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।
देवास साइबर सेल की यह कार्रवाई केवल हालिया अभियान तक सीमित नहीं है। पूरे वर्ष के दौरान साइबर सेल देवास ने कुल 655 गुम हुए मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक है, उन्हें उनके वास्तविक मालिकों तक सुरक्षित पहुंचाया है। यह उपलब्धि देवास पुलिस की तकनीकी दक्षता और निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
इस मौके पर मोबाइल प्राप्त करने वाली आवेदिका रेखा ने देवास पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका मोबाइल दोबारा मिल पाएगा।
वहीं पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी का मोबाइल गुम हो जाता है, तो तुरंत 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या साइबर सेल में आवेदन दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
देवास पुलिस की इस पहल से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है। मोबाइल वापस पाकर नागरिकों ने देवास पुलिस और साइबर सेल टीम का धन्यवाद किया है।





