सिविल लाइन में चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा, 6.50 लाख का मश्रुका बरामद; दो इनामी आरोपी गिरफ्तार

देवास। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की वारदातों का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए 1–1 हजार रुपए के उदघोषित इनामी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से कार्रवाई करते हुए करीब 6.50 लाख रुपए कीमत का चोरी गया संपूर्ण मश्रुका बरामद किया है। इस कार्रवाई को सिविल लाइन पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पहली चोरी की घटना 5 जून 2025 को कालकापुरी क्षेत्र में सामने आई थी, जहां फरियादी आरिफ की दुकान से स्क्रैप का सामान, तांबे का तार और इलेक्ट्रिक मोटर चोरी हो गए थे, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपए बताई गई थी। इस मामले में सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 281/2025 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था।
वहीं दूसरी बड़ी चोरी 17 जून 2025 को फरियादी रोहित के घर में हुई थी, जहां से सोने-चांदी के इस्तेमाली जेवरात, भगवान की मूर्तियां, दो लैपटॉप (एचपी व डेल), दो कैमरे, हाथ घड़ियां, पीतल और तांबे के पूजा-पात्र तथा नगद राशि चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में अपराध क्रमांक 309/2025 दर्ज कर पुलिस द्वारा जांच शुरू की गई थी।
मामलों की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जयवीर सिंह भदौरिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक हितेश पाटिल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना पर कमला नगर रोड बायपास से दो उदघोषित इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख उर्फ मोटा पिता सलीम मेवाती (30 वर्ष), निवासी अन्नपूर्णा नगर इटावा देवास तथा अरशद उर्फ अदनान पिता अकरम मेवाती (30 वर्ष), निवासी आर.के. होटल के पास शास्त्री नगर देवास के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों पर 1–1 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी की मूर्तियां, चांदी का तवा, पीतल के बर्तन व मूर्तियां, चांदी के सिक्के, दो लैपटॉप, दो कैमरे, हाथ घड़ियां तथा करीब 50 किलो तांबे का तार सहित अन्य सामान जब्त किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 6.50 लाख रुपए आंकी गई है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वे अन्य चोरी की वारदातों में भी संलिप्त रहे हैं या नहीं। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हितेश पाटिल सहित सउनि राकेश तिवारी, परवेज़ खान, आरक्षक मातादीन, राहुल परमार और अंतर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।





