
देवास | 29 दिसंबर 2025
देवास जिले में ट्रक कटिंग की लगातार हो रही वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना टोंकखुर्द पुलिस ने कंजर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 SANSUI कंपनी की एलईडी टीवी, 2 मोटरसाइकिल, कटर और ₹91 हजार नगद सहित करीब ₹3.25 लाख का मश्रुका जप्त किया है।
पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देश पर चलाए गए अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। मामला 10 दिसंबर 2025 का है, जब फरियादी जसराम यादव (निवासी बूटा, जिला इटावा उत्तरप्रदेश) ने थाना टोंकखुर्द में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात आरोपियों ने ट्रक कटिंग कर 13 एलईडी टीवी चोरी कर लीं। रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 597/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी सोनकच्छ दीपा मांडवे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक आलोक सोनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और आगरा–बॉम्बे हाईवे के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने विकास गुदेन, आर्यन हाड़ा, पंकज उर्फ रोहित गुदेन, मोडसिंह कंजर और सतीश कंजर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने ट्रक कटिंग की वारदात स्वीकार की। आरोपियों पर पूर्व से भी चोरी, लूट, मारपीट और आबकारी अधिनियम के कई गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।
फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल कार्रवाई में टोंकखुर्द थाना स्टाफ एवं साइबर सेल की अहम भूमिका रही।





