देवास पुलिस की पहल: राह-वीर योजना में दो निडर युवाओं को ₹25 हजार इनाम का प्रस्ताव शासन को प्रेषित

देवास। सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की जान बचाने के लिए भारत सरकार की राह-वीर योजना आम नागरिकों को आगे आने के लिए प्रेरित कर रही है। इसी योजना के तहत देवास जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में समय पर मदद कर दो ज़िंदगियां बचाने वाले नागरिकों को “राह-वीर” के रूप में सम्मानित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोत के निर्देशन में योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। थाना बरोठा क्षेत्र में 15 जुलाई 2025 को हुई एक गंभीर सड़क दुर्घटना में सुमित सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही संजय धनगर ने बिना किसी भय या औपचारिकता के घायल को गोल्डन आवर में अस्पताल पहुँचाया, जिससे समय पर उपचार संभव हो सका और घायल की जान बच गई।
इसी प्रकार 20 जून 2025 को थाना बरोठा क्षेत्र में हुई एक अन्य दुर्घटना में राजकुमार मालवीय गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस दौरान चेतन चौहान ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत अस्पताल पहुँचाया, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी और उपचार के बाद वे स्वस्थ होकर घर लौट सके।
राह-वीर संजय धनगर और चेतन चौहान द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके इस सराहनीय कार्य के लिए राह-वीर योजना के अंतर्गत ₹25,000 की नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाने हेतु प्रस्ताव जिला कलेक्टर देवास को भेजा गया है।
देवास पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में कानूनी भय से ऊपर उठकर मानवता को प्राथमिकता दें, क्योंकि गोल्डन आवर में लिया गया एक सही निर्णय किसी की पूरी ज़िंदगी बचा सकता है।





