मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की देवास के ‘किलकारी अभियान’ की खुलकर सराहना — कुपोषण के खिलाफ बना प्रदेश का मॉडल

देवास, 03 दिसंबर 2025।
राज्य स्तरीय महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने देवास जिले में चलाए जा रहे नवाचार “किलकारी अभियान” की विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि कुपोषण उन्मूलन के लिए देवास का यह मॉडल उत्कृष्ट है और इसे प्रदेश के सभी जिलों में अपनाया जाना चाहिए ताकि बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने की दिशा में तेजी आए।

देवास का अनूठा नवाचार बना उदाहरण
कलेक्टर ऋतुराज सिंह और सीईओ जिला पंचायत के मार्गदर्शन में मई 2025 में शुरू किए गए इस अभियान के तहत जिले के 1740 सैम और 7019 मैम बच्चों को चिन्हित कर अमलतास अस्पताल, सोनकच्छ अस्पताल, इंडेक्स अस्पताल इंदौर और पीएचसी टोंकखुर्द में भर्ती कर उपचार दिया गया।
यह अभियान कुपोषण के खिलाफ देवास जिले की सबसे प्रभावी पहल साबित हुआ है।
कुपोषण के प्रमुख कारणों की पहचान
जागरूकता की कमी, स्वच्छता में लापरवाही, पौष्टिक भोजन का अभाव, बाल विवाह, कम आयु में मातृत्व, एनीमिया जैसी स्थितियां कुपोषण के मुख्य कारण हैं। इन्हीं को ध्यान में रखकर अभियान संरचित किया गया है।

इस तरह लागू हुआ किलकारी अभियान
महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग की संयुक्त रणनीति
* अभिभावकों की काउंसलिंग और जागरूकता
* अस्पतालों से निःशुल्क परिवहन व दवा सुविधा
* 14 दिवस की अस्पताल भर्ती व संपूर्ण उपचार
* डिस्चार्ज के बाद नियमित फॉलोअप की मजबूत व्यवस्था
देवास का किलकारी अभियान अब पूरे प्रदेश के लिए एक प्रेरक मॉडल बन चुका है।





