प्रशासन

देवास में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई — बिना परमिट बस जप्त, 5 वाहनों पर ₹21 हजार का जुर्माना

देवास, 07 नवंबर 2025।
कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर देवास जिले में परिवहन विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान के नेतृत्व में जांच दल ने शहर में यात्री बसों और अन्य वाहनों की सघन जांच की।

जांच के दौरान कुल 24 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से एक यात्री बस बिना परमिट पाई गई, जिसे मौके पर ही जप्त कर आरटीओ कार्यालय में खड़ा कराया गया। वहीं, 5 वाहनों में खामियां मिलने पर कुल ₹21,000 का जुर्माना लगाया गया।

जांच के दौरान स्लीपर बसों में आपातकालीन खिड़की पर सीट लगी पाई गई, जिसे तुरंत हटवाया गया। इसके अलावा अग्निशमन यंत्र खाली और छोटे आकार के, मेडिकल बॉक्स में दवाइयां अधूरी, और आपातकालीन द्वार बंद पाए जाने जैसी लापरवाहियां भी सामने आईं।

परिवहन विभाग ने बस चालकों को वर्दी पहनने, HSRP नंबर प्लेट लगाने, ओवरलोडिंग न करने, अधिक किराया न वसूलने, और ज्वलनशील पदार्थ न ले जाने के निर्देश दिए।

जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान ने बताया कि चालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि बसों की सुरक्षा सुविधाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा —

“आपातकालीन खिड़की पर सीट लगाना या खाली अग्निशमन यंत्र रखना गंभीर लापरवाही है। सभी बस संचालक नियमों का पालन करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”


Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button