सड़क हादसों पर ब्रेक लगाने देवास पुलिस की अनूठी पहल, दुर्घटना संभावित स्थलों पर लगाए चेतावनी पोस्टर

देवास – 13.12.2025
देवास जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए देवास पुलिस ने एक संवेदनशील और जनहितकारी पहल शुरू की है। आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस अब दुर्घटना संभावित और जानलेवा स्थानों पर चेतावनी पोस्टर लगाकर लोगों को सतर्क कर रही है।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शजयवीर सिंह भदौरिया एवं उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस अमित सोलंकी के नेतृत्व में यह अभियान जिलेभर में चलाया जा रहा है।
इस पहल के तहत उन स्थानों को चिन्हित किया गया है, जहां पूर्व में सड़क हादसों में लोगों की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की घटनाएं हो चुकी हैं। ऐसे चिन्हित स्थलों पर चेतावनी एवं जागरूकता पोस्टर लगाए जा रहे हैं, ताकि वाहन चालक समय रहते सतर्क हों और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें।

इसी क्रम में 5 और 6 दिसंबर 2025 को ग्राम बिलावली एवं ग्राम खटाम्बा में हुई सड़क दुर्घटनाओं में दो व्यक्तियों की मृत्यु के बाद, थाना बीएनपी पुलिस द्वारा दोनों दुर्घटनास्थलों पर चेतावनी पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों का उद्देश्य भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने के लिए प्रेरित करना है।
देवास पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन कर स्वयं तथा दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
देवास पुलिस का संदेश स्पष्ट है — सुरक्षित यातायात ही सुरक्षित जीवन है।





