“प्यार में अंधा” सीसीटीवी ऑपरेटर — गर्लफ्रेंड की शॉपिंग के लिए लूटा टोल प्लाज़ा का कैश!


देवास। थाना कन्नौद क्षेत्र के बरवईखेड़ा टोल प्लाज़ा से ₹3,61,000 की चोरी का मामला पुलिस ने महज़ कुछ ही दिनों में सुलझा लिया है। हैरानी की बात यह रही कि चोरी किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं बल्कि टोल प्लाज़ा के ही सीसीटीवी ऑपरेटर ने की थी।
पुलिस के अनुसार, फरियादी देवेंद्र राव (कैशियर, टोल प्लाज़ा बरवईखेड़ा) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 नवंबर को ड्रॉअर में रखी ₹3.61 लाख की नकदी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ताला तोड़कर चोरी कर ली गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देवास श्री पुनीत गेहलोद ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। एएसपी (ग्रामीण) श्रीमती सौम्या जैन और एसडीओपी कन्नौद श्री आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक तहजीब काज़ी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
🔸 कैसे खुला राज़
जांच टीम ने टोल परिसर के लगभग 50 कर्मचारियों से पूछताछ की और कई कोणों से लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। फुटेज में यह साफ हुआ कि चोरी के दौरान कोई बाहरी व्यक्ति परिसर में प्रवेश नहीं हुआ था।
इससे संदेह टोल के मुख्य सीसीटीवी ऑपरेटर राकेश (निवासी छतरपुरा, जिला अलवर, राजस्थान) पर गया। पूछताछ में राकेश ने अपराध कबूल कर लिया।

🔸 गर्लफ्रेंड के लिए किया था चोरी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड को क्रेडिट कार्ड से महंगी शॉपिंग कराता रहा, जिससे कर्ज बढ़ गया। इसी आर्थिक परेशानी से निकलने के लिए उसने बिजली गुल होने के समय योजना बनाकर नकदी चोरी की और टोल के बाहर पत्थरों के बीच छिपा दी।
🔸 पूरी राशि बरामद
आरोपी के बताए स्थान से पुलिस ने ₹3.61 लाख की पूरी राशि बरामद कर ली है। राकेश को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ धारा अनुसार प्रकरण दर्ज किया गया है।
🔸 टीम की सराहना
इस पूरे खुलासे में थाना प्रभारी तहजीब काज़ी, उनि राहुल, अरुण पिपल्दे, आर. रोहित गुर्जर और बालकृष्ण छापे की विशेष भूमिका रही।
🔹 देवास पुलिस की अपील:
किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तुरंत नज़दीकी पुलिस थाने या डायल 100 पर दें।





