देवास एमआईसी बैठक में बड़े फैसले: रसूलपुर अब रामपुर, बीमा रोड समेत करोड़ों के विकास कार्यों को मंजूरी

देवास, 18 दिसंबर 2025।
रसूलपुर का नाम बदला, अब कहलाएगा रामपुर
देवास नगर निगम में महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित मेयर इन काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक में वार्ड क्रमांक 17 रसूलपुर का नाम बदलकर रामपुर करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया। यह निर्णय मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप लिया गया है। नगर निगम प्रशासन के अनुसार जल्द ही इस निर्णय को अमल में लाया जाएगा।
बीमा रोड और बीएनपी गेट तक सड़क निर्माण को हरी झंडी
शहर के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के तहत बड़े कार्यों को मंजूरी दी गई। गजरा गियर्स चौराहे से बीएनपी गेट तक सड़क चौड़ीकरण, डिवाइडर, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट और पाथवे निर्माण के लिए 5 करोड़ 28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए। वहीं बीमा चौराहे से कर्मदीप स्कूल तक सड़क निर्माण के लिए 11 करोड़ 17 लाख रुपये की राशि को भी मंजूरी मिली।

पीएम आवास योजना: 1297 हितग्राहियों को स्वीकृति
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना के बीएलसी घटक के अंतर्गत 7 डीपीआर के तहत 1297 हितग्राहियों की पुष्टि को भी महापौर द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई, जिससे पात्र परिवारों को आवास निर्माण में लाभ मिलेगा।
रेहड़ी-पटरी वालों को राहत, अब सालाना भुगतान
एमआईसी बैठक में छोटे व्यापारियों के हित में बड़ा निर्णय लिया गया। अब रेहड़ी-पटरी वालों से प्रतिदिन बाजार बैठक वसूली नहीं की जाएगी। इसके स्थान पर उनसे सालाना 2 हजार रुपये या छह माह में 1 हजार रुपये का भुगतान लिया जाएगा।
स्ट्रीट लाइट होंगी ऑटोमेटिक, सीवरेज के बाद ही सड़क निर्माण
निगमायुक्त दलीप कुमार ने पार्षदों की मांग पर स्पष्ट किया कि सीवरेज कार्य पूर्ण होने के बाद ही सड़कें बनाई जाएंगी, ताकि दोबारा खुदाई से नुकसान न हो। साथ ही शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को ऑटोमेटिक करने का निर्णय भी लिया गया।


