देवासराजनीति

कांग्रेस संगठन को मिली नई मजबूती, जितेंद्रसिंह गौड़ बने जिला संगठन महासचिव (ग्रामीण)

देवास। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत प्रदेशभर में संगठनात्मक नियुक्तियों का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में प्रदेश कांग्रेस द्वारा देवास जिले के लिए जितेंद्रसिंह गौड़ को जिला संगठन महासचिव (ग्रामीण) नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति संगठन में लंबे समय से किए गए सक्रिय कार्य, समर्पण और नेतृत्व क्षमता के आधार पर की गई है।

जिला संगठन महासचिव का पद कांग्रेस संगठन में एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जाता है। इस पद के माध्यम से जिले में संगठन की मजबूती के साथ-साथ समन्वय की अहम भूमिका निभानी होती है। कांग्रेस नेतृत्व को उम्मीद है कि गौड़ के अनुभव और ऊर्जा से ग्रामीण क्षेत्रों में पार्टी संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी।

जितेंद्रसिंह गौड़ इससे पहले एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं। छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत करने वाले गौड़ ने जिलेभर के कॉलेजों में कांग्रेस की छात्र राजनीति को मजबूत आधार दिया और युवाओं की एक सशक्त टीम तैयार की। युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष रहते हुए उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ कई आंदोलन किए, जिनमें उनके अनूठे और प्रभावशाली विरोध प्रदर्शन चर्चा का विषय बने।

हाल ही में ठेले पर शराब रखकर किए गए आंदोलन के जरिए आबकारी विभाग का घेराव करने का मामला प्रदेशभर में सुर्खियों में रहा था। इस आंदोलन ने कांग्रेस की रणनीति और गौड़ के नेतृत्व को एक नई पहचान दिलाई।

नई नियुक्ति को लेकर जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेसजनों का कहना है कि जितेंद्रसिंह गौड़ की नियुक्ति से संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी।

अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए जितेंद्रसिंह गौड़ ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। संगठन ने जो दायित्व सौंपा है, उसका वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button