खाद्य विभागदेवासप्रशासन

डी-मार्ट के गुड़ पावडर में स्टेपलर पिन! शिकायत के बाद लिए गए सैंपल

देवास, 02 जनवरी 2026
डी-मार्ट देवास में बिक रहे गुड़ पावडर में स्टेपलर पिन पाए जाने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्वरित कार्रवाई की है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत डी-मार्ट (एवेन्यू सुपरमार्ट लिमिटेड), भोपाल रोड देवास पर निरीक्षण कर गुड़ पावडर के नमूने लिए गए।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवास सुरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि निरीक्षण दल में केंद्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी  गुनासीलन, सुरेश बैरवा (वेस्टर्न जोन, मुंबई), तकनीकी अधिकारी  विनय कश्यप (वेस्टर्न जोन, मुंबई) सहित स्थानीय खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी शामिल थे। टीम द्वारा डी-मार्ट में उपलब्ध विभिन्न ब्रांड के गुड़ पावडर की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान ऑर्गेनिक तत्व गुड़ पावडर, बेबी गुड़ पावडर एवं कस्तूरी गुड़ पावडर के नमूने लेकर उन्हें जांच हेतु नेशनल एक्रीडिटेड फूड लेबोरेटरी, मुंबई भेजने की कार्रवाई की गई है। प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा को लेकर सतर्क प्रशासन

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट या बाहरी वस्तु का पाया जाना उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा हो सकता है। ऐसे मामलों में विभाग द्वारा त्वरित निरीक्षण, नमूना संग्रहण और वैज्ञानिक जांच की प्रक्रिया अपनाई जाती है, ताकि दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा सके।

उपभोक्ताओं से अपील

खाद्य सुरक्षा विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी खाद्य पदार्थ में गुणवत्ता या सुरक्षा को लेकर संदेह हो, तो तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचना दें। उपभोक्ताओं की सजगता से ही सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री सुनिश्चित की जा सकती है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नागरिकों के स्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button